भोपाल-इंदौर हाईवे पर 31 करोड़ रुपये की लागत से नया छह लेन का फ्लाईओवर बनने जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह फ्लाईओवर 850 मीटर लंबा होगा और बनने से इंदौर जाने वाले या भोपाल आ रहे वाहनों को खजुरी स्थित 11 मील जंक्शन की भीड़ और जाम से मुक्ति मिलेगी। इसकी वजह से भोपाल और इंदौर के बीच मुख्य सड़क पर होने वाले ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।

इस परियोजना का भूमिपूजन विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और हुजूर विधानसभा के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ-सबका विकास” के तहत भोपाल सहित पूरे प्रदेश में तेजी से विकास कार्य करा रही है। यह फ्लाईओवर उज्जैन में 2028 में होने वाले सिंहस्थ से पहले बनकर तैयार होगा।भोपाल से इंदौर या इंदौर से भोपाल आने वाले वाहनों को असुविधा से बचाने के लिए फ्लाईओवर 11 मील खजूरी तिराहे से करीब 400 मीटर पहले शुरू होगा और उसी से ऊपर से गुजरकर खजूरी के पास उतरेगा। वहीं, बाइपास से आने वाले वाहन सर्विस रोड से मुख्य सड़क पर पहुंचेंगे, जिससे जाम कंट्रोल होगा।
यह फ्लाईओवर मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) द्वारा बनवाया जाएगा। इसके साथ सर्विस रोड और पथप्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी ताकि आवागमन सुगम रहे। इस फ्लाईओवर से प्रतिदिन करीब 3 लाख से ज्यादा वाहन गुजरेंगे।खजूरी तिराहा पर रोजाना औसतन दो लाख वाहन गुजरते हैं, जो अक्सर जाम का कारण बनता है। फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद इस इलाके में ट्रैफिक बेहतर रहेगा और दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण होगा।
